मेलबर्न: वनडे सीरीज में हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज की शुरुआत भी जीत के साथ की है। 5 मैचों की सीरीज का पहला मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर हुआ। इस मैच को ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी ओवर में 3 विकेट से अपने नाम किया। पहले बैटिंग करते हुए इंग्लिश टीम ने 9 विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने एक गेंद रहते 7 विकेट खोकर मैच जीत लिया।
हैरी ब्रूक ने विस्फोटक बैटिंग की
पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड को मैच की पहली ही गेंद पर झटका लग गया। जोएल डेविन्स की गेंद पर फिल साल्ट ने मिचेल मास्कर को कैच दे दिया। दूसरे ओपनर एन्यूरिन डोनाल्ड भी 10 रन ही बना सके लेकिन कप्तान हैरी ब्रूक का बल्ला जमकर बोला था। उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों पर 65 रन ठोक दिए। ब्रूक ने 4 चौकों के अलावा 6 छक्के मारे। टॉम बैंटन के साथ ब्रूक ने तीसरे विकेट के लिए 41 गेंद पर 97 रन जोड़े। बैंटन के बल्ले से 22 गेंद पर 39 रनों की पारी खेली।
9 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 110 रन और हैरी ब्रूक का विकेट गिर गया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने दमदार वापसी की। आखिरी 11 ओवर में इंग्लिश टीम 77 रन ही बना सकी। विकेटकीपर जॉर्डन कॉक्स ने 20 गेंद पर 27 रन बनाए तो सैम करन के बल्ले से 20 गेंद पर 21 रन निकले। जैक एडवर्ड्स और निखिल चौधरी को 2-2 विकेट मिले।
ऑस्ट्रेलिया ने अंत तक नहीं मानी हार
ऑस्ट्रेलिया के ओपनर जैक फ्रेजर मैकगर्क सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान मिचेल मार्श और सैम हार्पर ने दूसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी की। हार्पन ने 15 गेंद पर 32 रन बनाए। वहीं कप्तान मार्श ने 37 रन बनाने के लिए 32 गेंदों का सामना किया। चौथे नंबर पर उतरे निखिल चौधरी ने तूफानी बैटिंग की। 38 गेंदों पर उन्होंने 66 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में भारत में जन्मे निखिल चौधरी ने 6 चौके और 2 छक्के मारे। यह उनकी पहली इंटरनेशनल फिफ्टी है। टिम डेविड सिर्फ 20 रन ही बना सके।
18वें ओवर की आखिरी गेंद पर निखिल चौधरी आउट हो गए। दो ओवर में टीम को 20 रन चाहिए थे। जैक एडवर्ड्स और बेन ड्वार्शुइस ने 19वें ओवर में 9 रन बनाए। आखिरी ओवर में सैम करन के खिलाफ टीम को 11 रन चाहिए थे। एडवर्ड्स ने पहली ही गेंद पर छक्का मार दिया। ओवर की 5वीं गेंद पर चौका मारकर उन्होंने टीम को जीत दिला दी। 11 गेंदों पर एडवर्ड्स ने 25 रनों की पारी खेली। विल जैक्स को सबसे ज्यादा 2 विकेट मिले।